✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बसंतपुर (सिवान) : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227ए पर लहेजी गांव के समीप गुरुवार देर रात चावल लदा ट्रक पलटने से मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन लगभग 10 घंटे तक बाधित रहा। यह घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र में लहेजी स्कूल के पास हुई, जब चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन बीच सड़क पर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, 45 टन चावल लदा यह ट्रक उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश जा रहा था। दुर्घटना रात करीब 12 बजे हुई, जब चालक को झपकी आ गई और ट्रक असंतुलित होकर सड़क पर तिरछा पलट गया। घटना की सूचना पर बसंतपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रक को सड़क से हटाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे ट्रक को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
घटना के कारण दोनों ओर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। छोटे चारपहिया वाहन किसी तरह किनारे से निकलने में सफल रहे, लेकिन ट्रकों और बड़े वाहनों के पास कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं था। मार्ग जाम होने के कारण वाहन चालक घंटों फंसे रहे और सड़क खुलने के बाद ही वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।
चालक की पहचान गोरेयाकोठी के सिसई गांव निवासी के रूप में हुई है। घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।