✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे कई गणमान्य लोग
महाराजगंज (सीवान) : प्रखंड के बलिया गांव स्थित मां गढ़ देवी राजकीय मेला की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। इसके तहत भव्य मंच और बड़ा पंडाल बनाया जा रहा है। बुधवार को एसडीओ अनिल कुमार, एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, बीडीओ बिंदु कुमार, सीओ जितेंद्र कुमार सहित कई अधिकारियों ने तैयारी का जायजा लिया।
पदाधिकारियों के अनुसार मेला का उद्घाटन पांच अप्रैल को किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक विजय शंकर दुबे, जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता और प्रभारी एसपी नीरज कुमार सिंह संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा कई विधायक, विधान पार्षद, जिला पार्षद, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
मंदिर समिति के अनुसार मंत्री मंगल पांडेय के प्रयास से मंदिर का व्यापक जीर्णोद्धार किया गया है। मंदिर के चारों ओर पत्थर लगाए गए हैं और माता के दरबार को एक नया स्वरूप प्रदान किया गया है।
गौरतलब है कि मंत्री मंगल पांडेय का पैतृक गांव बलिया है। वे प्रत्येक वर्ष रामनवमी के अवसर पर सपरिवार मां गढ़ देवी की पूजा-अर्चना करने आते हैं। इसके अलावा जब भी वे गांव आते हैं, माता के दरबार में माथा टेकना नहीं भूलते। उन्हीं के प्रयासों से इस मेले को राजकीय मेला का दर्जा प्राप्त हुआ है।
हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहता है। विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया जाता है, जबकि महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाती है।

