Explore

Search

March 15, 2026 5:13 pm

गुठनी: शरारती तत्वों ने विद्यालय में की तोड़फोड़, छह क्विंटल चावल समेत सामान चोरी

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

विद्यालय में तोड़फोड़ और चोरी की वारदात से शिक्षकों और ग्रामीणों में आक्रोश

गुठनी (सीवान) : थाना क्षेत्र के बलुआ गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय हिंदी में सोमवार की रात शरारती तत्वों ने भारी तोड़फोड़ की और छह क्विंटल चावल समेत अन्य कीमती सामानों की चोरी कर ली। इस घटना से विद्यालय प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक विक्की यादव ने बताया कि चोरों ने विद्यालय के दो कमरों का ताला तोड़कर वहां रखे छह क्विंटल चावल उड़ा लिए। साथ ही, आठ पंखे, बल्ब, टेबल और कुर्सियां तोड़ दीं। इसके अलावा, पानी की प्लास्टिक टंकी, नल और स्कूल में लगी टाइल्स भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं। बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए यंत्रों को तोड़ने के साथ ही विद्युत वायरिंग को भी कई जगहों पर नोच दिया गया।

विद्यालय के कक्ष में रखी अलमारी तोड़कर उसमें रखे कागजातों को भी फाड़कर इधर-उधर फेंक दिया गया। प्रधानाध्यापक के अनुसार, इस घटना से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मंगलवार की सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने विद्यालय के ताले टूटे देख इसकी सूचना प्रधानाध्यापक को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के साथ-साथ ग्रामीणों से भी पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस इस वारदात में संलिप्त आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

यह घटना सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर