Explore

Search

June 28, 2026 12:42 pm

सीवान : अल्लाह की बारगाह में सिर झुकाकर की गई इबादत, ईद की दी गई बधाई

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

ईदगाहों में अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज, भाईचारे और सौहार्द का दिखा नजारा

सीवान। ईद अल्लाह की रहमत, बरकत और इबादत का अज्र है। सोमवार को मुस्लिम समुदाय ने ईद-उल-फितर (ईद) का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया। जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम भाइयों ने ईद की नमाज अदा कर अमन-चैन और शांति की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने आपसी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। हिंदू भाइयों ने भी मुस्लिम भाइयों को बधाई दी, जिससे साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल कायम हुई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ईदगाहों, मस्जिदों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त करती नजर आई। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इस मौके पर ईदगाहों पर मेला भी लगा, जहां बच्चों ने खिलौने, मिठाई आदि की खरीदारी कर खुशियां मनाईं।

ईद की नमाज के बाद खुत्बा पढ़ा गया, जिसमें अल्लाह की बड़ाई और अल्लाह के रसूल की शान का जिक्र किया गया। रमजान में मिलने वाली नेमतों, फितरा और जकात के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

हिंदू-मुस्लिम एकता की दिखी मिसाल

ईद की नमाज के बाद मेहमानबाजी का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। मुस्लिम भाई एक-दूसरे के घर जाकर सेवई, मिठाई और अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आए। हिंदू भाइयों ने भी मुस्लिम परिवारों के घर जाकर बधाई दी, जिससे आपसी भाईचारे की भावना और प्रगाढ़ हुई।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न इलाकों में गश्त जारी रखी। जानकारी के अनुसार, महाराजगंज, दारौंदा, बसंतपुर, भगवानपुर हाट, लकड़ी नबीगंज, गोरेयाकोठी, बड़हरिया, तरवारा, हुसैनगंज, हसनपुरा, पचरुखी, सिसवन, रघुनाथपुर, आंदर, गुठनी, दरौली, जीरादेई, नौतन सहित जिले के सभी प्रखंडों में ईद की नमाज अदा की गई। मुस्लिम समाज में उत्साह का माहौल देखा गया। जिनके स्वजन अन्य प्रदेशों में थे, उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से ईद की बधाई दी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर