✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन ची
लक्ष्मीपुर के किशन कुमार की नशीला पदार्थ खिलाकर बेरहमी से हत्या
सीवान: नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्थित चंवर से शुक्रवार की सुबह पुलिस ने दो दिन से लापता युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी 24 वर्षीय किशन कुमार के रूप में हुई, जो एक मोबाइल दुकान पर काम करता था।
परिजनों के अनुसार, किशन 26 मार्च की शाम से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि शुक्रवार को लक्ष्मीपुर चंवर से किशन का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर एसपी अमितेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि किशन को पहले नशीला पदार्थ खिलाया गया और फिर ईंट व रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार ने बताया कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है और पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हालांकि, अभी तक मृतक के परिजनों से कोई आवेदन नहीं मिला है।

