✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: स्थानीय सांसद विजय लक्ष्मी देवी ने दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर जिले में ऊर्जा आपूर्ति और पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की।
सांसद ने बताया कि सिवान के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की संख्या कम है, जिससे किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से गुठनी, मैरवा, आंदर, जीरादेई, दरौली, हुसैनगंज, लकड़ी नबीगंज और भगवानपुर हाट प्रखंड में नए पेट्रोल पंप स्थापित करने की मांग रखी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाता। इसे देखते हुए उन्होंने गोरेयाकोठी, बड़हरिया, पचरुखी और रघुनाथपुर में नए गैस एजेंसी केंद्र खोलने की मांग की, ताकि घरेलू गैस सिलेंडर उचित मूल्य पर आसानी से मिल सके।
सीएनजी और पीएनजी सेवा का विस्तार जरूरी
सांसद ने जिला मुख्यालय समेत महाराजगंज, बड़हरिया, जीरादेई और बसंतपुर में सीएनजी स्टेशन स्थापित करने और पीएनजी सेवा के विस्तार की भी मांग की, जिससे सस्ती और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा लोगों को उपलब्ध हो सके।
पेट्रोलियम भंडारण डिपो की जरूरत
उन्होंने सिवान में एक पेट्रोलियम स्टोरेज डिपो की भी आवश्यकता जताई, ताकि जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और परिवहन लागत कम हो।
इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया और विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

