✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बिहार दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में दिखाया ज्ञान, सम्मानित हुए अमित
रघुनाथपुर (सीवान): यदि सफलता पानी हो, तो लगन और मेहनत सबसे बड़ी कुंजी होती है, इसे पंजवार के अमित कुमार ने सच कर दिखाया है। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमित कुमार ने बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गांव के साधारण परिवार से निकला बिहार टॉपर
पंजवार मध्य विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्र अमित कुमार ने इस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनके पिता अनिल कुमार रावत गांव में दर्जी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बावजूद इसके, अमित ने अपनी मेहनत और लगन से राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
37 जिलों के प्रतिभागियों में अव्वल आए अमित
अमित ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बिहार के 37 जिलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उन्होंने सभी स्तरों पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता की शुरुआत 1 मार्च को स्कूल स्तर से हुई थी, जिसके बाद 3 मार्च को सीआरसी, 5 मार्च को बीआरसी, और 7-8 मार्च को जिला स्तर पर मुकाबले हुए।
अंततः 22 मार्च को आयोजित राज्य स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में अमित बिहार टॉपर घोषित हुए। उन्हें 23 मार्च को पटना में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
स्थानीय स्तर पर भी हुआ सम्मान
अमित की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्रधानाध्यापक गजेंद्र कुमार सिंह और बीईओ मीनू कुमारी ने अमित की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय और स्वजन के मार्गदर्शन व परिश्रम की देन बताया।
इस मौके पर संतोष कुमार सिंह, विजय कुमार राम, सोनू कुमार चौरसिया, अनुराग कुमार सहित कई शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने अमित की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

