Explore

Search

March 16, 2026 8:48 am

भगवानपुर हाट: किराना दुकान के गोदाम से चार लाख की संपत्ति चोरी

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की घटना, पुलिस जांच में जुटी

भगवानपुर हाट (सीवान) : थाना क्षेत्र के चक्रवृद्धि मोड़ स्थित एक किराना दुकान के गोदाम से गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने करीब चार लाख रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली। यह दुकान सहसरांव निवासी राकेश चौरसिया की बताई जाती है। चोरी की यह घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे चोरों की तस्वीरें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं।

पीड़ित दुकानदार ने शुक्रवार को थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात गोदाम को बंद कर वे घर चले गए थे। लेकिन जब शुक्रवार की सुबह दुकान पहुंचे तो गोदाम का ताला टूटा हुआ मिला और बड़ी मात्रा में सामान गायब था। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर