Explore

Search

March 23, 2026 5:41 pm

जीरादेई: वृहद आश्रय गृह से 13 लड़कियां फरार, प्रशासन में हड़कंप

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुईं लड़कियां, जांच में जुटा प्रशासन

जीरादेई (सीवान) : प्रखंड के भैंसाखाल स्थित वृहद आश्रय गृह में रह रहीं 13 लड़कियां 19 मार्च की रात करीब एक बजे अंधेरे का फायदा उठाकर वार्डन और सुरक्षा गार्ड को चकमा देकर फरार हो गईं। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन सहित जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एडीएम और डीएसपी आश्रय गृह पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

प्रशासनिक जांच के दौरान वार्डन सहित सुरक्षा गार्डों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। फरार लड़कियों की खोजबीन में स्थानीय पुलिस लगी हुई है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। इस संबंध में आश्रय गृह की वार्डन रिंकू झा ने स्थानीय थाने में एक सनहा दर्ज कराते हुए 13 लड़कियों के फरार होने की जानकारी दी है।

लड़कियों के फरार होने को लेकर प्रशासनिक अधिकारी अभी कोई स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं, जबकि इस घटना से लड़कियों के स्वजन काफी चिंतित हैं। कुछ स्वजन आश्रय गृह के आसपास भी देखे गए, लेकिन उन्होंने प्रशासन पर ही लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाया। स्वजनों का कहना है कि लड़कियों की खोजबीन करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब आश्रय गृह से कोई भागा हो। इससे पहले भी दो लड़के आश्रय गृह से फरार हो चुके हैं, लेकिन तब स्थानीय प्रशासन ने मामले को दबा दिया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष सोनी कुमारी ने बताया कि वार्डन रिंकू झा का आवेदन मिला है और मामला दर्ज कर जांच जारी है। जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर