✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
होली के दिन दो पक्षों में हुई झड़प में महिला हुई थी घायल, पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सिंगार पट्टी मठिया गांव में होली के दिन 14 मार्च को दो पक्षों के बीच हुई झड़प में घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान गिरिजा देवी के रूप में हुई है, जो बीते कुछ दिनों से गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती थीं। गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद स्वजन शव को लेकर थाना पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
इस मामले में मृतका के देवर कुदल बिंद ने पड़ोसी मोतीलाल चौहान एवं उनके स्वजनों पर मारपीट करने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। कुदल बिंद ने बताया कि घटना के दिन मोतीलाल चौहान बकाया पैसों की मांग को लेकर भाभी गिरिजा देवी से छेड़छाड़ कर रहा था। जब इसका विरोध किया गया तो मोतीलाल और उसके स्वजनों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान मोतीलाल ने कुदाल से गिरिजा देवी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया था। इसके बाद गोरखपुर में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को उनकी मृत्यु हो गई।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

