✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
गांधी मैदान में 30 मार्च से होगा राम जन्म महोत्सव, 6 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
सीवान। शहर के गांधी मैदान में 30 मार्च से राम जन्म महोत्सव का भव्य आयोजन होगा, जिसका समापन 6 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। गुरुवार को राजेंद्र पथ स्थित भृगुनाथ प्रसाद भवन से राम जन्म महोत्सव समिति के प्रचार वाहन को झंडा दिखाकर रवाना किया गया।
समिति के अध्यक्ष सह वरीय अधिवक्ता सुनील दत्त शुक्ल ने बताया कि गांधी मैदान में होने वाली सभी गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। आयोजन के लिए मंच एवं पंडाल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
समिति के सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से रामनवमी तक श्रीराम जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल, रविवार को दोपहर 1 बजे से शोभायात्रा गांधी मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी और पुनः गांधी मैदान में संपन्न होगी।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक रंग बहादुर सिंह, राजेंद्र कुमार मुन्ना, कोषाध्यक्ष बब्लू सरैया, मीडिया प्रभारी ई. सतीश कुमार सिंह, मनीष कुमार, राकेश, अशोक गुप्ता, पंकज कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

