✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी सहित विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन
सीवान: जिले के बड़हरिया, आंदर और गुठनी समेत विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के बैनर तले धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर प्रखंड मुख्यालयों तक मार्च किया और पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन की प्रमुख मांगें:
- प्रधानमंत्री आवास योजना में उचित लाभुकों के नाम जोड़ने में गड़बड़ी को सुधारने की मांग।
- मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार बंद कर मजदूरों को 100 दिन रोजगार की गारंटी।
- बेरोजगारी भत्ता देने की मांग।
- 60 वर्ष से अधिक उम्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन अनिवार्य करने की अपील।
बड़हरिया प्रखंड:
इस धरने की अध्यक्षता भाकपा (माले) नेता रमाशंकर चौरसिया ने की। उन्होंने कहा कि काम नहीं मिलने के कारण युवा पलायन कर रहे हैं और मनरेगा योजना ठेकेदारों की लूट का माध्यम बन गई है। इस दौरान माले नेता विकास यादव, कुंती यादव समेत कई लोगों ने सभा को संबोधित किया।
आंदर प्रखंड:
यहां धरने की अध्यक्षता भाकपा (माले) नेता कृष्णा राम ने की। सभा में प्रखंड सचिव युगल किशोर ठाकुर, मुन्ना साह, प्रेम राम, ललन यादव, पूर्व जिला पार्षद शीतल पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।
गुठनी प्रखंड:
धरने का नेतृत्व चंद्रप्रकाश साह ने किया, जबकि सभा को शेषनाथ राम ने संबोधित किया। उन्होंने प्रशासन से दलित, गरीब और मजदूरों को अविलंब जॉब कार्ड उपलब्ध कराने, मिट्टी कटाई जैसे शारीरिक श्रम के लिए काम सुनिश्चित करने और मनरेगा मजदूरों को 100 दिन का रोजगार दिलाने की मांग की।
इस मौके पर रामा यादव, इंद्रजीत कुशवाहा, फेकू बैठा, बिंदा देवी, रोहित राम, श्यामदेव चौहान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

