✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
होली के बाद बढ़ी भीड़ को लेकर रेलवे प्रबंधक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीवान: होली के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया है। यात्रियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, माल यातायात और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जारी विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बुधवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने सीवान जंक्शन, थावे और सुरेमनपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, यात्री प्रतीक्षालय, क्रू मैनेजमेंट सिस्टम, गार्ड/लोको पायलट रनिंग रूम और सर्कुलेटिंग एरिया का गहन अवलोकन किया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने सिवान जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रुके हुए कार्यों को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया और सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का आदेश दिया।
यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण
उन्होंने सहयोग काउंटर, पूछताछ काउंटर, अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट काउंटर, आरक्षण केंद्र, यात्री प्रतीक्षालय, लिफ्ट, पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्म और गुड्स साइडिंग का निरीक्षण किया। साथ ही गुड्स साइडिंग में तीसरी रनिंग लाइन में फुल रेक प्लेसमेंट की संभावनाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्य वाणिज्य निरीक्षक विशाल कुमार, दीपक पाठक, विशाल कुमार सिंह, बलिया राजाराम, वाणिज्य निरीक्षक और स्टेशन के वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

