✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी ने प्रथम खेल नर्सरी सिटी बेतिया को 8-2 से हराकर जीता खिताब
मैरवा। बिहार राज्य फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित अंडर-13 अस्मिता खेलो इंडिया बालिका फुटबॉल क्लब चैंपियनशिप के फाइनल में रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी ने प्रथम खेल नर्सरी सिटी बेतिया को 8-2 के बड़े अंतर से हराकर बिहार चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। यह फाइनल मुकाबला 16 मार्च की रात फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में मैरवा के मुडियारी पंचायत स्थित हिमेश्वर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लक्ष्मीपुर में खेला गया।
3 मार्च से 16 मार्च तक चले इस लीग चैंपियनशिप में बिहार की सात टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी, मैरवा और प्रथम खेल नर्सरी सिटी बेतिया फाइनल में पहुंची थीं। फाइनल मुकाबले में रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को 8-2 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक और निदेशक संजय पाठक ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिहार राज्य फुटबॉल संघ द्वारा लड़कियों के लिए लीग टूर्नामेंट आयोजित करना सराहनीय कदम है। प्रतियोगिता का आयोजन आईएमए सीवान, ब्लू स्काई द स्कूल दरौली, तेतरी देवी मेमोरियल ट्रस्ट और आरएलबीएसए फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से हुआ।
फाइनल मैच में तकनीकी पदाधिकारी के रूप में ऋषिकेश कुमार सिंह और पंकज सोमवंशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विजेता टीम को ब्लू स्काई द स्कूल के निदेशक रविशंकर मिश्रा और आईएमए सीवान के सचिव डॉ. शरद चौधरी ने ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता टीम को फुटबॉल संघ के सचिव उमाशंकर प्रसाद और आरएलबीएसए फाउंडेशन के निदेशक राजीव लोचन मिश्रा ने सम्मानित किया।
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी कई पुरस्कार दिए गए। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी की पिंकी कुमारी को मिला, जिन्हें आईएमए की ओर से 1100 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का अवार्ड पारो कुमारी को मिला, जबकि बेस्ट 22 खिलाड़ी का खिताब रिंकी और बेस्ट 11 खिलाड़ी का खिताब बेतिया की बिंदिया को दिया गया।
इस अवसर पर सीवान जिला फुटबॉल संघ के पूर्व अध्यक्ष मुहम्मद फरीद, सुभाष प्रसाद, धर्मनाथ यादव, अमरेन्द्र मिश्रा, बसंत कुमार पाठक, सलमा खातून, अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी खुशबू कुमारी, डॉ. मोहित कुमार, विवेक कुमार सिंह, स्पोर्ट्स इंचार्ज सलमा खातून, सार्थक भारद्वाज, प्रयास बिहार के प्रतिनिधि दिना नाथ सिंह, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी प्रिया कुमारी यादव और शिबू कुमारी सहित सैकड़ों खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।