Explore

Search

July 1, 2026 10:50 am

सीवान: रमजान के दूसरे जुमे पर अल्लाह की इबादत में झुके सिर, अमन-चैन की मांगी दुआ

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर मोमिनों ने रमजान की बरकतों का लिया सवाब

सीवान: रमजान के पाक महीने के दूसरे जुमे को जिलेभर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विशेष नमाज अदा कर अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी। इस मौके पर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी में इबादत का खास जोश और उत्साह देखने को मिला। शहर की बड़ी मस्जिद, दरबार मस्जिद, चौक बाजार ग्यारहवीं मस्जिद, श्रीनगर मस्जिद, नवलपुर मस्जिद समेत सदर प्रखंड, मौला नगर मस्जिद, टड़वा मस्जिद, जियांय स्थित मस्जिद, खालिसपुर मस्जिद, बाघाड़ा स्थित मस्जिद में भारी संख्या में मोमिनों ने सिर झुकाकर नमाज अदा की।

बच्चों में भी दिखा रमजान का खास उत्साह

रमजान के इस पाक महीने में इबादत का अधिक सवाब मिलने की वजह से बच्चे भी रोजा रखकर मस्जिदों में पहुंचे और नमाज अदा की। हर तरफ इबादत की रौनक देखने को मिली। मस्जिदों में आम दिनों की अपेक्षा भीड़ अधिक थी, जिसके चलते कई जगहों पर सड़कों पर भी नमाज अदा की गई।

नमाज से पहले खुतबा पढ़ा गया, मोमिनों को रमजान की खासियत बताई गई

जुमे की नमाज से पहले मोहजिन द्वारा अजान दी गई, जिसके बाद मौलवी ने जुमे का खुतबा पढ़ा। इस दौरान मौलानाओं ने रमजान-उल-मुबारक के तीन असरों (हिस्सों) के महत्व को बताते हुए मोमिनों को अल्लाह की रहमत, मगफिरत (माफी) और जहन्नम से निजात के बारे में बताया।

गांव-गांव में मस्जिदों में अदा की गई नमाज

सीवान के अलावा जिले के जीरादेई, गुठनी, मैरवा, नौतन, हसनपुरा, बड़हरिया, हुसैनगंज, गोरेयाकोठी, पचरुखी, दारौंदा, बसंतपुर, भगवानपुर हाट, लकड़ी नबीगंज, दरौली, आंदर, रघुनाथपुर, सिसवन, महाराजगंज समेत विभिन्न प्रखंडों की मस्जिदों में भी रमजान के दूसरे जुमे की नमाज अदा की गई और अमन, चैन व खुशहाली की दुआ मांगी गई।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर