Explore

Search

March 1, 2026 11:34 am

तरवारा फायरिंग कांड: नसीमा-नसमुद्दीन के इर्द-गिर्द ही सिमट रहे हैं अपराधियों की गोली के निशान

✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ

बाइक सवार बदमाशों ने महिला को मारी गोली, हालत नाजुक

शुक्रवार देर संध्या जीबी नगर थाना क्षेत्र के पचपकड़िया गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को गोली मारकर शदीद तौर पर ज़ख्मी कर दिया। मरणासन्न अवस्था में उसे सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल महिला की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद छितौली खुर्द निवासी नसमुद्दीन शाह की पत्नी नसीमा खातून के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके-ए-वारदात पर पहुंची, तथा  जांच पड़ताल के बाद अनुसंधान को और तेज कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस ने यह दर्शाते हुए स्टेशन डायरी अंकित की है कि घायल महिला बोलने में असमर्थ थी और परिजन सदमे में थे, जिस कारण न तो कोई लिखित आवेदन प्राप्त हुआ और न ही कोई फर्द बयान दर्ज कराया गया।

इस घटना को लेकर पुलिस विभिन्न एंगल से जांच में जुटी है। ग्रामीणों के बीच चर्चा जोरों पर है कि अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली के निशान नसीमा और नसमुद्दीन के इर्द-गिर्द ही सिमटते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि नसीमा खातून अपने पति नसमुद्दीन शाह के साथ बाइक पर सवार होकर पचपकड़िया गांव के रास्ते अपने घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने अचानक गोली चला दी, जिससे नसीमा गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उसे सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस का दावा है कि तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेकर अपराधियों के गिरेबान तक करीब-करीब पहुंच चुके हैं, जबकि पुलिस अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर