✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दिनदहाड़े वारदात, घायल छात्र अस्पताल में भर्ती, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सीवान नगर थाना क्षेत्र के नया किला मोहल्ले में गुरुवार की अपराह्न करीब एक बजे एक छात्र को साइकिल छीनने का विरोध करना भारी पड़ गया। बदमाश ने चाकू मारकर छात्र को घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल छात्र की पहचान महादेवा थाना क्षेत्र के हकाम गांव निवासी अफरोज अहमद के पुत्र मोहम्मद नवाब के रूप में हुई है। छात्र ने बताया कि वह शहर के आसी नगर मोहल्ले स्थित मदर टेरेसा स्कूल में पढ़ता है। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था।
इसी दौरान चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक ने उसकी साइकिल छीनने की कोशिश की। जब छात्र ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो बदमाश ने चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।