Explore

Search

March 15, 2026 5:26 pm

गुठनी: पुलिस अभिरक्षा से भागे जिला पार्षद पर कार्रवाई नहीं होने से रोष

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

महंत से मारपीट व पिस्टल लहराने के आरोप में हिरासत में लिया गया था जिला पार्षद, थाने से भागने के बाद भी प्राथमिकी नहीं दर्ज

गुठनी (सीवान) : थाना क्षेत्र के सोहागरा धाम के महंत के साथ मारपीट और पिस्टल दिखाकर धमकी देने के आरोप में हिरासत में लिए गए जिला पार्षद छोटेलाल यादव के विरुद्ध पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से आम जनता में भारी रोष है

बुधवार को महंत अरविंद कुमार गिरि ने जिला पार्षद पर आरोप लगाया कि उन्होंने पिस्टल दिखाकर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी जिला पार्षद को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। लेकिन हिरासत में लिए जाने के बाद जिला पार्षद मौका देखकर थाना परिसर से फरार हो गया

चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। महंत ने इस संबंध में पुलिस को आवेदन भी दिया, लेकिन देर तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला पार्षद घटना के समय शराब के नशे में था, लेकिन पुलिस ने इस पहलू की जांच भी नहीं की। लोगों का कहना है कि या तो पुलिस राजनीतिक दबाव में है या फिर मिलीभगत के कारण आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है

महंत अरविंद गिरि ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला पार्षद को थाने से भगाने में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है और प्राथमिकी दर्ज करने में भी जानबूझकर देरी की जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी

इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता से क्षेत्र में आक्रोश फैल रहा है और पीड़ित समेत आम नागरिक न्याय की मांग कर रहे हैं

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर