✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
खेल मैदानों के विकास कार्यों की समीक्षा, सोलर लाइट लगाने का निर्देश
भगवानपुर हाट (सीवान) : प्रखंड क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे खेल मैदानों का गुरुवार को उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण से पहले उप विकास आयुक्त प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने बीडीओ कुमार विशाल से विभिन्न पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने सोंधानी पंचायत के एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में बन रहे खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को खेल मैदान परिसर में सोलर लाइट लगाने का निर्देश दिया, ताकि खेल गतिविधियों को रात में भी सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
इसके बाद उन्होंने ब्रह्मस्थान पंचायत स्थित हिलसड़ कॉलेज परिसर में बन रहे खेल मैदान का जायजा लिया और वहां भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है, ताकि युवा वर्ग को खेलों में बेहतर अवसर मिल सके।
इस मौके पर मनरेगा पीओ सुबोध कुमार सिंह, मुखिया शमीम अख्तर, जेई राजकुमार, पीटीए सुमित कुमार, प्राचार्य शत्रुघ्न सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

