✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: बिहार सरकार के कृषि एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने गुठनी और दरौली प्रखंड में तीन स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के मौके पर स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री ने गुठनी प्रखंड के डरैला स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, विसवार पंचायत के झझौर में स्वास्थ्य उपकेंद्र और दरौली के दोन स्थित रेफरल अस्पताल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सह सांसद प्रतिनिधि रमेश सिंह कुशवाहा, दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, दरौली विधायक सत्यदेव राम, पूर्व विधान पार्षद सह को-ऑपरेटिव चेयरमैन मनोज सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष नंदप्रसाद चौहान, भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह, सिविल सर्जन श्रीनिवास प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डीपीएम विशाल कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्रों के दौरे के दौरान वहां के कर्मियों से आवश्यक पूछताछ की और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने अस्पताल निर्माण के लिए भूमि दान करने वालों को धन्यवाद दिया। डरैला में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए मुखिया रणजीत कुशवाहा ने भूमि दान की, जबकि अस्पताल तक जाने वाली सड़क के लिए अनुसूचित जनजाति गोड़ समुदाय के छह लोगों ने अपनी भूमि दान की। इन दानदाताओं में परमहंस गोड़, वशील गोड़, मुनीब गोड़, शिवानंद गोड़, अमरनाथ गोड़ और नवाब गोड़ शामिल हैं।
झझौर में स्वास्थ्य उपकेंद्र के उद्घाटन के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शब्बीर अख्तर ने बताया कि यहां डॉ. नितेश कुमार मिश्रा, एएनएम सीमा और लक्ष्मी कुमारी कार्यरत हैं। वहीं, दरौली दोन में रेफरल अस्पताल के उद्घाटन के दौरान विधायक सत्यदेव राम ने कहा कि यह अस्पताल लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़ा था, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री की सकारात्मक सोच की बदौलत आज इसका कायाकल्प हो गया।

