Explore

Search

July 2, 2026 1:47 am

महाराजगंज : केजीबीवी में छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा, वार्डन अंजली कुमारी व प्रधानाध्यापक खुर्शीद अंसारी सहित कई नामजद

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

महाराजगंज: सिकटिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में गुरुवार को कक्षा 10वीं की छात्रा सोनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, और बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंचकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओ अनिल कुमार, एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, सीओ जितेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ शांत होने को तैयार नहीं थी। स्थिति बिगड़ती देख एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने देर रात तक छात्रा के कमरे से नमूने एकत्र किए।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने छात्रावास की अन्य छात्राओं से भी घटना की जानकारी ली। एसडीओ और एसडीपीओ के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी, और पुलिस ने रात तीन बजे शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया


वार्डन, प्रधानाध्यापक व अन्य कर्मियों पर हत्या का आरोप

मृत छात्रा की मां सरिता देवी ने महाराजगंज थाना में आवेदन देकर छात्रावास की वार्डन अंजली कुमारी, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय सिकटिया के प्रधानाध्यापक सह पूर्व प्रमुख पति खुर्शीद अंसारी समेत अन्य कर्मियों को नामजद आरोपी बनाया है।

आवेदन के मुताबिक,

  • 13 फरवरी को वार्डन अंजली कुमारी ने दोपहर 1:30 बजे छात्रा के पिता को फोन कर बताया कि सोनी की तबीयत खराब है।
  • जब पिता ने छात्रा से बात कराने की मांग की, तो वार्डन ने कहा कि वह खाना खा रही है और बात नहीं कर सकती।
  • शाम 3:49 बजे थानाध्यक्ष का फोन आया कि तुरंत विद्यालय पहुंचे।
  • जब माता-पिता विद्यालय पहुंचे तो पाया कि छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ था।

परिजनों का आरोप है कि छात्रा को पहले से जातिसूचक और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी, जिसकी जानकारी उसने पहले ही परिजनों को दी थी। माता-पिता ने इसकी शिकायत वार्डन से भी की थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।

नामजद आरोपितों में शामिल हैं:

  • वार्डन अंजली कुमारी
  • प्रधानाध्यापक खुर्शीद अंसारी
  • शिक्षिका निधि कुमारी कुशवाहा
  • लेखपाल राजेश कुमार
  • आदेशपाल नीलमा देवी
  • रात्रि प्रहरी गुलाबचंद यादव
  • रसोइया सीता देवी
  • सहायक रसोइया रेखा देवी

थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर