Explore

Search

March 31, 2026 9:37 pm

सिवान : जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ की होगी बहाली

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: जिले में दो दिवसीय सरकारी कार्यक्रम के तहत सिवान पहुंचे स्वास्थ्य सह कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने शुक्रवार को परिसदन में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट के अनुरूप ही बिहार का बजट भी राज्य की समृद्धि का आधार बनेगा

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 30 बेड का डेडिकेटेड वार्ड तैयार कर दिया गया है। उन्होंने माना कि अस्पतालों में मानव बल की कमी है, जिसे दूर करने के लिए बहुत जल्द बड़े पैमाने पर डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ की बहाली की जाएगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार के किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मखाना बोर्ड के गठन की मांग पूरी की जा रही है, जिससे किसानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार के अवसर मिलेंगे और मखाना की खेती को विस्तार मिलेगा।

केंद्रीय बजट की चर्चा करते हुए उन्होंने इसे पूरे देश और समाज के सभी वर्गों के लिए लाभकारी बताया। बिहार के लिए इसे विशेष बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बजट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मांगों को शामिल किया गया है

उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट के विस्तार के साथ-साथ बिहार में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनाने के निर्णय लिए गए हैं। इसके अलावा, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी इस बजट में कई योजनाएं शामिल की गई हैं।

किसानों के लिए राहत की बात करते हुए उन्होंने बताया कि केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) की सीमा तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख कर दी गई है। साथ ही, इस साल राज्य में लगभग 800 एमबीबीएस सीटों की भी वृद्धि होगी

इस अवसर पर दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, प्रोफेसर अभिमन्यु सिंह, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, सिवान को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री नंद प्रसाद चौहान, मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर