✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा (सिवान): प्रखंड के सिरसांव स्थित पासवान चौक पर मंगलवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान इंकलाबी नौजवान सभा के जिला सचिव एवं माले नेता जयशंकर पंडित ने सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश-मोदी सरकार ने छात्रों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी देने के वादे किए थे, लेकिन अब वे इन सभी को ठगने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्र, नौजवान, किसान और मजदूर सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और इस संघर्ष को एकजुट करने के लिए भाकपा माले ने 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में ‘बदलो बिहार महाजुटान’ का आयोजन किया है। इसमें प्रखंड से हजारों छात्र, नौजवान, किसान और मजदूरों के भाग लेने की संभावना है।
छात्र-युवा संघर्ष यात्रा का ऐलान
जयशंकर पंडित ने बताया कि 13-15 फरवरी के बीच इंकलाबी नौजवान सभा और आइसा द्वारा सिवान में ‘बदलो बिहार छात्र-युवा संघर्ष यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके तहत युवाओं से अपील की जाएगी कि वे ठेका और एनजीओ के माध्यम से काम करना बंद करें और सरकार से रोजगार की मांग करें। इस दौरान ‘पटना चलो’ अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में 20 लोगों ने भाकपा माले की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उपेंद्र प्रसाद, रामायण यादव, विनोद शर्मा, हामिद अंसारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags: CPI(ML), BiharPolitics, StudentProtest, Unemployment, Siwa