Explore

Search

March 6, 2026 1:35 am

मैरवा : नेशनल गेम्स में सिवान की 11 महिला हैंडबॉल खिलाड़ी बिहार टीम में चयनित, उत्तराखंड में दिखाएंगी दम

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

मैरवा। भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा उत्तराखंड में आयोजित नेशनल गेम्स में बिहार राज्य महिला हैंडबॉल की 16 सदस्यीय टीम में रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी की आठ प्रशिक्षु खिलाड़ियों सहित सिवान जिले की कुल 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित सभी खिलाड़ी बिहार टीम के साथ नेशनल गेम्स में भाग लेने उत्तराखंड रवाना हो चुकी हैं।

रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के संस्थापक सह निदेशक संजय पाठक ने बताया कि इन खिलाड़ियों का चयन बिहार ओलंपिक संघ के तत्वावधान में 10 जनवरी को कंकड़बाग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित चयन प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर हुआ था। इसके बाद इन खिलाड़ियों को 16 जनवरी से 3 फरवरी 2025 तक खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के नव-निर्मित खेल परिसर में बिहार के अनुभवी कोच मनोज कुमार द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता 7 फरवरी 2025 से 12 फरवरी 2025 तक आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ियों में रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी से खुशबू कुमारी, चंदा कुमारी, गायत्री कुमारी, सुमन कुमारी, रागिनी कुमारी, सोनाली कुमारी, नीतू कुमारी और प्रिया कुमारी शामिल हैं, जबकि हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ सिवान से अंजली कुमारी, नीतू कुमारी एवं संजना कुमारी का चयन हुआ है।

संजय पाठक ने बताया कि नेशनल गेम्स में भागीदारी सुनिश्चित करना सभी खिलाड़ियों का सपना होता है, क्योंकि इसे राष्ट्रीय स्तर पर ओलंपिक गेम के रूप में जाना जाता है। इस प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी और टीमें भाग ले सकती हैं, जिन्होंने पिछले वर्ष की प्रतियोगिताओं में शीर्ष आठ स्थानों में जगह बनाई हो।

चयनित सभी खिलाड़ियों को हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ सिवान की सचिव सलमा खातून, आईएमए सिवान के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिंहा, सचिव डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रीता सिंह, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. राम इकबाल प्रसाद गुप्ता, डॉ. आरती रानी पांडेय, डॉ. विनय पांडेय, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. रामजी चौधरी, डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. अनिल सिंह, डॉ. एम.जे. अकबर, डॉ. आर.एन. ओझा, राजीव लोचन मिश्रा सहित कई अन्य खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर