Explore

Search

May 30, 2026 6:08 pm

गुठनी : पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव पहुंचते ही स्वजनों के रोने से माहौल हुआ गमगीन

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

गुठनी : थाना क्षेत्र के दामोदरा निवासी कामेश्वर नाथ तिवारी के पुत्र विकासनाथ तिवारी उर्फ किशन की सोमवार देर शाम उत्तर प्रदेश के देवरिया-सलेमपुर मुख्य पथ पर मुसैला-खुखुंदू के बीच एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे में उनके चाचा अनुग्रह नाथ तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। जब शव गांव पहुंचा, तो मां मीरा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। आसपास के ग्रामीण स्वजनों को ढाढ़स बंधाने में लगे रहे।

बताया जाता है कि विकासनाथ तिवारी अपने चाचा अनुग्रहनाथ तिवारी के साथ बाइक पर सवार होकर देवरिया से घर लौट रहे थे। तभी खुखुंदू और मुसैला के बीच पेट्रोल पंप के समीप एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना संभवतः किसी अज्ञात ट्रक के धक्के से हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए देवरिया सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने विकासनाथ तिवारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनुग्रह नाथ तिवारी का इलाज जारी है।

पुलिस ने आधार कार्ड के माध्यम से पहचान कर शव को परिजनों तक पहुंचाया। शव घर आते ही मां मीरा देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थीं, जिन्हें आसपास की महिलाएं संभाल रही थीं।

ग्रामीणों के अनुसार, विकास अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और घर के खर्च में सहयोग करने के लिए खेती और अन्य काम करता था। छोटा भाई श्यामनाथ तिवारी पढ़ाई करता है, जबकि परिवार में दो बड़ी बहनें भी हैं।

इधर, अनुग्रह नाथ तिवारी का इलाज गोरखपुर के सावित्री नर्सिंग होम में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर