✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा थाना क्षेत्र के चकरी मठिया में गुरुवार की शाम आपसी विवाद के कारण छोटे भाई ने बड़े भाई जयनाथ भारती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार की सुबह शव गांव पहुंचते ही स्वजनों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पत्नी संगीता देवी, पुत्र अनूप कुमार भारती, पुत्रवधू प्रिया देवी, पुत्री दीपा कुमारी, अर्चना कुमारी और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के ग्रामीण उन्हें ढाढस बंधा रहे थे।
बताया गया कि चकरी मठिया निवासी राम ईश्वर भारती के पुत्र जयनाथ भारती गुरुवार को अपने आलू के खेत में घास निकाल रहे थे, तभी उनके छोटे भाई राजेश भारती ने चाकू से उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि भूमि विवाद के चलते छोटे भाई द्वारा हत्या किए जाने की संभावना जताई जा रही है। स्वजनों द्वारा आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।