✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले में सोमवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहली घटना दरौली थाना क्षेत्र के बौना मोड़ पर हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ढाला निवासी मोहित कुमार, राजू कुमार और सिसवन थाना क्षेत्र के गंगपुर गांव निवासी रत्नेश्वर यादव के रूप में हुई। घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि वे दरौली की ओर बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
दूसरी घटना सराय थाना क्षेत्र के चांप बाइपास पर हुई। एक ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान गोपालगंज जिले के दिघवा दुबौली निवासी प्रमोद कुमार, अनुप कुमार और मदन साह के रूप में हुई। तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

