Explore

Search

March 6, 2026 1:35 am

मैरवा : रामजानकी पथ को अधिगृहित भूमि का कानूनी मुआवजा दे सरकार

✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ

मैरवा (सिवान): प्रखंड के हरिराम कालेज परिसर में रविवार को रामजानकी पथ के लिए अधिगृहित भूमि का कानूनी मुआवजे की मांग को लेकर किसान संवाद महासभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सचिव जयनाथ यादव ने की, जिसमें एक बड़े संघर्ष की घोषणा की गई।

किसान संवाद को संबोधित करते हुए भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा ने कहा कि कानून सम्मत अधिगृहित जमीन के मुआवजे के संघर्ष में भाकपा माले मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार किसानों को बाजार दर के चौगुने मुआवजे का हक है। सिवान-मैरवा पथ में जमीन का बाजार दर 40 लाख रुपये प्रति कट्ठा है, जबकि प्रस्तावित मुआवजा दो लाख रुपये प्रति कट्ठा है, जो किसानों के लिए अस्वीकार्य है।

विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि सरकार किसानों के मुआवजे में हकमारी कर रही है और इस मसले को हर स्तर पर उठाया जाएगा। संघर्ष को तेज किया जाएगा। पूर्व विधायक अमरनाथ यादव और युवा नेता उपेंद्र गोड़ ने कहा कि जिस दर पर जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए टैक्स लिया जा रहा है, उसी दर पर मुआवजा मिलना चाहिए।

संवाद में किसान मेराजुल हक, नन्हें जी, मृत्युंजय राय, मुन्ना पासवान, सुभाषचंद्र तिवारी, हरि सिंह, अमर खान, विनय कुमार भारती सहित अन्य किसानों ने भी अपनी बातें रखीं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर