✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज (सिवान): थाना क्षेत्र के हरिहांस गांव स्थित कुड़ाहा तालाब में शनिवार को एक वृद्धा का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान हरिहांस निवासी रामचंद्र यादव की 60 वर्षीय पत्नी पन्ना देवी के रूप में हुई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पन्ना देवी पिछले एक सप्ताह से लापता थीं, और स्वजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। शनिवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए, तो उन्होंने पानी में एक शव उपलाता हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना हुसैनगंज थाना को दी।
सूचना पर सब-इंस्पेक्टर अंजोर अकेला दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव की पहचान रामचंद्र यादव की पत्नी पन्ना देवी के रूप में की गई। पुलिस ने मृतका के स्वजनों को सूचना दी, और वे घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान कर रोने-बिलखने लगे।
स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव स्वजनों को सौंप दिया। बाद में स्वजनों ने मृतका का दाह संस्कार कर दिया।
पन्ना देवी के दो पुत्र और एक पुत्री हैं, और सभी की शादी हो चुकी है। इस घटना से परिवार और गांव के लोग गमगीन हैं।

