✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: दरौली थाना क्षेत्र के डुमरहर गांव में शनिवार को सरयू नदी किनारे संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डुमरहर निवासी घनश्याम राजभर के 22 वर्षीय पुत्र राकेश राजभर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुबह कुछ ग्रामीण नदी किनारे टहलने गए थे, तभी उन्होंने रेत पर अचेत अवस्था में एक युवक को देखा। ग्रामीणों ने उसकी पहचान राकेश राजभर के रूप में की और तुरंत इसकी सूचना स्वजनों को दी।
स्वजन मौके पर पहुंचे और युवक को गुठनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गुठनी थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, दरौली थानाध्यक्ष रौशन कुमार, एसआइ गणेश चौहान, ललन कुमार, अनोज कुमार, और अमितोश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। स्वजनों ने बताया कि राकेश सुबह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने उसे नदी किनारे अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी।
दरौली थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि मृतक के भाई के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
राकेश की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। उसकी मां धर्मशिला देवी, भाई रंजीत राजभर, और बहनें तेतरी कुमारी, सुनीता कुमारी, और मीनाद्री कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण स्वजनों को सांत्वना दे रहे हैं, लेकिन परिवार को इस दुखद घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है। घटना के बाद मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई और सभी स्वजनों को ढांढस बंधाने में लगे रहे।

