✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
छपरा: बिहार के छपरा में पुलिस द्वारा व्यापारी से लूटपाट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मकेर थानाध्यक्ष रवि रंजन को 35 लाख रुपये और आभूषण लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके ड्राइवर अनिल अभी फरार हैं।
यह घटना उस समय हुई जब वाहन चेकिंग के दौरान कोलकाता के एक व्यापारी की गाड़ी रोकी गई। व्यापारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान उसकी गाड़ी से 35 लाख रुपये नकद और आभूषण लूट लिए।
व्यापारी ने इस घटना की सूचना स्थानीय व्यवसायियों और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी। एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मकेर थाने के पुलिसकर्मियों की परेड कराई। व्यापारी ने थानाध्यक्ष रवि रंजन और उनके ड्राइवर को पहचान लिया। इसके बाद थानाध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन ड्राइवर फरार होने में कामयाब रहा।कैश और आभूषण बरामद

एसपी ने जांच के दौरान मकेर थाना और भेल्दी थाना की भूमिका को संदिग्ध पाया। उन्होंने लूटे गए कैश को बरामद कर लिया है और मामले की जांच जारी है। एसपी का कहना है कि इस घटना में कितने पुलिसकर्मी शामिल थे, उनकी पहचान की जा रही है।
इस मामले पर आज एसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा कर सकते हैं।