✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
गुठनी (सिवान)। पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार शाम जनसुराज के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय में कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च अजय कुमार दुबे के नेतृत्व में पटेल चौक से शुरू होकर माटीकोड़वा, गुठनी बाजार होते हुए गुठनी चौराहा पर संपन्न हुआ।
जनसुराज के नेता चंद्रमा पासवान ने कहा कि प्रशांत किशोर के आमरण अनशन को राज्य सरकार ने तोड़ने का प्रयास किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बावजूद जनसुराज की टीम बीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सरकार पर एकतरफा कार्रवाई और दमनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।
जनसुराज के कार्यकर्ताओं ने कहा कि निहत्थे और निर्दोष छात्रों पर लाठीचार्ज करना राज्य सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस दमनकारी नीति का जवाब जनता जल्द देगी।
जनसुराज ने राज्यपाल से बीपीएससी परीक्षा को रद्द करने की मांग की और घटना में शामिल अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।।
कैंडल मार्च में डॉ. रवींद्र नाथ शुक्ल, चंद्रमा पासवान, आलोक सिंह रंट्टु, रमेश मिश्र, हेमंत दुबे समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

