✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज: महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में माउंट आबू से पहुंचे बीके राजीव धवन ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए कहा कि ज्यादातर लोग कम उम्र में नशे का सेवन शुरू कर देते हैं, क्योंकि उन्हें परिवार या समाज से प्यार कम मिलता है। उन्होंने युवाओं को स्वयं से प्यार करना सिखाने का आह्वान किया और कहा कि प्रतिदिन खुद को प्रोत्साहित करें, यह महसूस करें कि आप विशेष कार्य के लिए चुने गए हैं और भगवान आपका साथी है।
राजीव धवन ने बताया कि नशा जीवन में मजा नहीं बल्कि सजा दिलाने वाला शत्रु है। उन्होंने कहा कि समाज को इस शत्रु से बचाने के लिए मनुष्य के अंदर छिपी अच्छाइयों को पहचानना होगा, जो समाज के उत्थान में अहम भूमिका अदा कर सकती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रखंड के कई गांवों और मोहल्लों में नशामुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर बीके शोभा बहन, बीके निप्पू बहन, बीके जितेंद्र कुमार और अन्य उपस्थित थे।

