Explore

Search

April 4, 2026 1:19 pm

सिवान: मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

प्रगति यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिवान जिले में विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की। यह बैठक शहर के आंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और उपलब्धियों का ब्यौरा दिया।

मुख्यमंत्री को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, हर घर नल का जल योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, हर खेत तक सिंचाई का पानी, कृषि फीडर का निर्माण, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, महिलाओं के उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन, टेली मेडिसिन, पशु चिकित्सा सेवाओं की डोरस्टेप डिलीवरी, और पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई।

समीक्षा में खेल-कूद को बढ़ावा देने, हर पंचायत में खेल का मैदान, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, ग्रामीण सेतु योजना, जल-जीवन-हरियाली के तहत सार्वजनिक जल स्रोतों के जीर्णोद्धार, और राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता को लेकर अद्यतन जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हर वर्ग और क्षेत्र के लिए विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने अमन-चैन और सद्भाव के माहौल को बनाए रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी, सांसद विजया लक्ष्मी देवी, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त गोपाल मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश कुमार, जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर