✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: 70वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने और पुनः परीक्षा आयोजित करने की मांग को लेकर पप्पू यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया। इसके तहत युवा शक्ति जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य अरविंद कुमार यादव के नेतृत्व में समर्थकों ने शहर के तरवारा मोड़ के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और बीपीएससी अध्यक्ष से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग की। साथ ही, सभी परीक्षा केंद्रों पर पुनः परीक्षा आयोजित करने और बीपीएससी आंदोलन के दौरान मृत छात्र सोनू यादव के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई।
जन अधिकार पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वनाथ यादव उर्फ ध्रुप यादव ने बीपीएससी की कार्यशैली को शर्मनाक बताते हुए छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं करने की अपील की। वहीं, पूर्व प्रदेश महासचिव संजय रानीपुरी ने कोचिंग माफिया पर रुपये के बल पर पेपर लीक कराने का आरोप लगाया।
महिला प्रकोष्ठ की पूर्व जिलाध्यक्ष पूनम सिंह ने कहा कि सरकार बेटियों के साथ आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन इसे किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा। आंदोलन को सड़क से सदन तक और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर छात्र नेता कुंदन कुमार यादव, शहाबुद्दीन अंसारी, अभिमन्यु यादव, गुफरान सिद्दीकी, विनोद सम्राट, विक्रमा यादव, विनीत कुमार, सुरेंद्र सिंह, अजीत गिरि, इंतखाब अली, विशाल चौधरी, मनीष यादव समेत दर्जनों छात्र उपस्थित रहे।

