✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा मीठा बाजार स्थित डॉ. एस.के. पांडेय के निजी क्लिनिक के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान तरवारा हाता टोला गांव निवासी रामचंद्र शर्मा के 40 वर्षीय पुत्र सुबास शर्मा के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, सुबास शर्मा तरवारा बाजार जा रहे थे, जब विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है।
घर पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही मृतक के घर पहुंचा, स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर का कमाऊ पुत्र होने के कारण सुबास शर्मा के निधन से परिवार पर गहरा संकट छा गया।
पहले भी सड़क हादसे में गई थी भाई की जान
परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। मृतक के बड़े भाई सुशील शर्मा की भी मौत 2015 में इसी थाना क्षेत्र के सलारगंज बाजार के पास सड़क दुर्घटना में हो गई थी। तब से सुबास ही परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है।