✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: शहर के बैलहट्टा पोखरा में बने दोपहिया वाहन पार्किंग एरिया और बबुनिया मोड़ से दाहा नदी पुल तक ग्रिल के साथ डिवाइडर का निर्माण मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी, नगर परिषद की मुख्य पार्षद सेंपी देवी, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार और सदर एसडीओ सुनील कुमार ने शिरकत की।
नगर परिषद द्वारा इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 45 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 लाख रुपये ग्रिल के साथ डिवाइडर और 15 लाख रुपये पार्किंग एरिया के निर्माण में खर्च हुए हैं।
डीएम मुकुल कुमार गुप्ता की पहल पर जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से यह निर्माण कार्य किया गया। सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर की ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने बताया कि बैलहट्टा पोखरा में बने पार्किंग एरिया में दोपहिया वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। पूरे पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए लंबे समय से इन सुविधाओं की मांग की जा रही थी। डिवाइडर का निर्माण भी यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए किया गया है।
इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, वार्ड पार्षद राज कुमार बासफोर, आलोक कुमार सिंह, जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व वार्ड पार्षद अमित कुमार सिंह, भाजपा नेता मुकेश कुमार बंटी, राजू सिंह और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

