✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा (सिवान) : दारौंदा थाना क्षेत्र के रुकुंदीपुर बीरा भगत के टोला के समीप शनिवार को दो मनचलों ने झपट्टा मारकर एक छात्रा से मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद छात्रा द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने शरारती तत्वों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी सोनी कुमारी महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित एक कोचिंग संस्थान से पढ़कर घर लौट रही थी। जैसे ही वह रुकुंदीपुर बीरा भगत के टोला के समीप पहुंची, शरारती तत्वों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और दोनों शरारती तत्वों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने 112 डायल को सूचना दी। 112 डायल की टीम मौके पर पहुंची और शरारती तत्वों को थाने ले आई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धनौता निवासी मुन्ना और उपेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।