✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज। महाराजगंज प्रखंड के बंगरा गांव में गुरुवार को अमर बलिदानी बाबू रघुवीर सिंह की 30वीं पुण्यतिथि बड़े धूमधाम से मनाई गई। रघुवीर सिंह सेवा संस्थान ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन रघुवीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय समिति द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बाला बाबा मठ के मठाधीश महामंडलेश्वर बद्री नारायण दास महाराज ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधान पार्षद रामाशीष राय शामिल हुए।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी बाबू रघुवीर सिंह की धर्मपत्नी राजरानी देवी और वसंती देवी की मूर्तियों का अनावरण किया गया। इसके बाद बलिदानी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
मुख्य अतिथि रामाशीष राय ने अपने संबोधन में कहा कि बंगरा गांव की भूमि वंदनीय है क्योंकि यहां बहुत से बलिदानी हुए हैं, जो आजादी की ओर अपने योगदान से जागरूक थे। उन्होंने रघुवीर सिंह की व्यक्तित्व को सराहा और बताया कि रघुवीर बाबू विचारों के धनी व्यक्ति थे। अच्छे लोगों के गुणों की चर्चा हमेशा होती है और उनके बाद उनकी अच्छाइयों को समाज के सामने लाना चाहिए, ताकि समाज उनसे प्रेरणा ले सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें डा. मनोहर सौरभ, डा. राकेश कुमार गुप्ता और डा. डी नारायण ने रोगियों की स्वास्थ्य जांच की और दवा तथा परामर्श प्रदान किया।
इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह, बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुधींद्र कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद अजय मांझी, डा. अनिल कुमार सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

