✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
मैरवा: मैरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका और कथित पति के बीच चल रहा विवाद लगातार उलझता जा रहा है। एक सप्ताह पहले अपने प्रेमी के घर वधू बनकर पहुंची युवती ने खुद को उसकी पत्नी बताया, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे वधू मानने से इनकार कर दिया। इस वजह से मामला घर के बाहर हंगामे से शुरू होकर अब मारपीट तक पहुंच चुका है।
प्रेमिका का दावा है कि वह चार वर्षों तक कथित पति के साथ हरियाणा में लिव-इन रिलेशन में रही और बाद में मंदिर में शादी भी की। हालांकि, जब वह अपने पति के घर पहुंची तो उसे घर में प्रवेश नहीं दिया गया। विरोध में प्रेमिका ससुराल के सामने धरने पर बैठ गई और फोन पर बातचीत के ऑडियो सार्वजनिक कर दिए। उसने अपने पति के नाम का सिंदूर लगाकर दांपत्य बंधन निभाने का संकल्प जताया।
धरने के दौरान रात होते ही प्रेमिका ने डायल 112 पुलिस को फोन कर ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया। उसने महिला थाना में पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई है।
प्रेमिका ने बताया कि वह गुठनी थाना क्षेत्र की निवासी है और हरियाणा में काम करती थी। मोबाइल के माध्यम से युवक से संपर्क हुआ और करीब चार वर्षों तक वे हरियाणा में साथ रहे। युवक के कहने पर उसने नौकरी छोड़ दी और गोरखपुर में किराए के मकान में साथ रहने लगी। लेकिन कुछ दिन पहले युवक उसे छोड़कर अपने घर आ गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।