Explore

Search

March 22, 2026 1:30 pm

महाराजगंज : बाइक से धक्का देकर महिला से एक लाख की लूट

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

महाराजगंज: अनुमंडल कार्यालय के समीप सोमवार को बदमाशों ने दुस्साहसिक घटना को अंजाम देते हुए बाइक सवार मां-बेटे को धक्का मारकर गिरा दिया और झोले में रखे एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। यह घटना दोपहर करीब एक बजे की है।

महुआरी निवासी आशा देवी अपने पुत्र प्रिंस कुमार के साथ मोहन बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वे बैंक से करीब 200 मीटर दूर अनुमंडल कार्यालय के पास पहुंचे, तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने पीछे से टक्कर मारकर मां-बेटे को गिरा दिया। इसके बाद बदमाश आशा देवी के हाथ से थैला छीनकर फरार हो गए। इस घटना में मां-बेटे दोनों घायल हो गए।

आसपास के लोगों ने घायल मां-बेटे को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्रिंस कुमार ने बताया कि चारों बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार थे और हथियारों से लैस थे। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी गई, लेकिन एक घंटे बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में लूट और छिनतई की घटनाएं आम हो गई हैं। इस संबंध में एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन ने बताया कि बदमाशों ने महिला से एक लाख रुपये लूटे हैं। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर