Explore

Search

March 22, 2026 3:25 pm

महाराजगंज: दो महिलाओं से एक लाख रुपये की छिनतई

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

महाराजगंज (सिवान): शहर के भारतीय स्टेट बैंक और बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से निकासी कर घर लौट रही दो महिलाओं से बदमाशों ने एक लाख एक हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पहली घटना: दारौंदा थाना क्षेत्र के पकवलिया निवासी मीरा देवी महाराजगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 50,000 रुपये निकाल कर अपने पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। पेट्रोल पंप के समीप उनका पुत्र तेल भरवाने के लिए रुका, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से रुपये भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए। शोर मचाने पर महिला के पुत्र और अन्य लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। बदमाश हेलमेट लगाए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।

दूसरी घटना: दारौंदा थाना क्षेत्र के महाचौर निवासी मालती देवी बैंक ऑफ इंडिया से 51,000 रुपये निकाल कर नीचे उतर रही थीं। इसी बीच, एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक छोटे बच्चे का सहारा लेकर उनकी सहानुभूति बटोरी। बदमाशों ने एक रुमाल में लिपटे कागज के बंडल को 2 लाख रुपये बताकर महिला को भ्रमित किया और उनके 51,000 रुपये ले लिए। बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए। जब महिला ने रुमाल खोला तो उसमें कागज के बंडल थे।

दोनों महिलाएं घटना के बाद थाने पहुंचीं और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर