✍🏽परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में शनिवार रात घरेलू विवाद के दौरान बहू ने अपने सगे संबंधियों के साथ मिलकर ससुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना में मृतक की पत्नी और पुत्र भी घायल हो गए। मृतक की पहचान रसूलपुर निवासी जालिम बैठा के रूप में हुई है, जबकि घायलों में पत्नी शायरा खातून, पुत्र सरफराज बैठा और बाबूजान बैठा शामिल हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बहू कुलसुम खातून को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, जालिम बैठा के पांच पुत्र हैं, जिनमें से दूसरे पुत्र चांद मियां ने गांव की ही कुलसुम खातून से प्रेम विवाह किया और अलग घर बनाकर रहने लगे। इसी को लेकर जालिम बैठा और उनके पुत्रों के बीच विवाद चल रहा था।
दो दिन पहले भी जालिम बैठा और बहू कुलसुम के बीच विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत जालिम बैठा ने थाने में दर्ज कराई थी। शनिवार की रात एक बार फिर घरेलू विवाद शुरू हो गया। बहू कुलसुम ने अपने तीन-चार सगे संबंधियों के साथ मिलकर जालिम बैठा की पिटाई कर दी। इस बीच, बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी शायरा खातून और पुत्र सरफराज व बाबूजान भी घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां जालिम बैठा की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चांद मियां की पत्नी कुलसुम खातून को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

