Explore

Search

April 11, 2026 8:18 pm

सिवान : फिरौती मांगने आए दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान के सराय थाना क्षेत्र के मखदूम सराय लहेरा टोली मोहल्ला में शनिवार की देर रात दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ये युवक मकान मालिक से फिरौती मांगने आए थे। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार, सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास और महादेवा थानाध्यक्ष कुंदन पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मृतकों के पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन और आठ गोलियां बरामद कीं।

मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र के बेला छपरा निवासी मो. सैयद अली और सराय थाना क्षेत्र के पुरानी किला पोखरा निवासी फकीर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के शव मकान मालिक अनवर अली के घर के अंदर से बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने मकान मालिक अनवर अली सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि मकान मालिक अनवर अली ने कहा कि मो. सैयद अली और फकीर उनके घर में घुसकर पिस्टल दिखाते हुए पैसे की मांग करने लगे। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया, जिससे मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और रॉड व डंडों से दोनों युवकों की पिटाई कर दी। वहीं हत्या मामले में मकान मालिक अनवर अली, अली हैदर, सद्दाम हुसैन, मो. निजामुद्दीन व राज को गिरफ्तार किया गया है।

सैयद का आपराधिक इतिहास

मो. सैयद अली पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह कुछ दिन पहले ही मुजफ्फरपुर से अपने मामा के घर आया था। मृतक सैयद का हर किसी से विवाद रहता था।

पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई

घटना की सूचना पर एएफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए। तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं- पहली मकान मालिक अनवर अली की ओर से, दूसरी मृतक फकीर की पत्नी सबनम आरा की ओर से, और तीसरी सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के आवेदन पर।
पुलिस द्वारा फिरौती के लिए हत्या पर संदेह जताया जा रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और जल्द ही हत्या के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर