✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : शहर स्थित केंद्रीय विद्यालय संगठन का स्थापना दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य हेमंत कुमार साहू और अन्य शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोग वाहवाही देने लगे। कक्षा एक से नौवीं तक के छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों में भाग लिया। कक्षा 11वीं के छात्र अमन सिंह ने कविता पाठ किया, जबकि छात्रा कनिष्का कृष्णा ने अपने संबोधन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। मंच संचालन छात्र आशुतोष राज और जानवी कुमारी मोदनवाल ने किया।
इस अवसर पर शिक्षक तारकेश्वर पांडेय ने केंद्रीय विद्यालय संगठन की स्थापना दिवस के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। शिक्षिका ममता कुमार ने स्थापना दिवस पर संकल्प लिया, और साक्षी श्रेया ने बाल विवाह निषेध पर संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

