Explore

Search

April 12, 2026 2:30 am

सीवान: 11 बजे के बाद किसी भी हाल में अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगी प्रवेश की अनुमति

✍ परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सीवान। बिहार लोक सेवा आयोग की एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 13 दिसंबर को जिले में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार और अपर समाहर्ता उपेंद्र कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में सुपर जोनल, जोनल, गश्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी और सभी केंद्राधीक्षकों की बैठक हुई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 40 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 34 केंद्र सदर अनुमंडल में और 6 केंद्र महाराजगंज अनुमंडल में हैं। परीक्षा एक पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी और कुल 15,456 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे।

एडीएम ने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थियों को हर हाल में 11 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा। प्रवेश सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा और 11 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र पर छपे बार कोड और क्यूआर कोड की स्कैनिंग के बाद फोटो और पहचान पत्र से मिलान किया जाएगा।

परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी केंद्रों पर सीसी कैमरा और जैमर लगाए जाएंगे। एक बेंच पर दो से अधिक अभ्यर्थी नहीं बैठेंगे और दोनों बेंचों के बीच की दूरी कम से कम तीन फीट रहेगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट लाने पर पूर्णत: रोक रहेगी। यदि कोई अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक गजट के साथ पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उसे आयोग की परीक्षा से पांच साल के लिए वंचित कर दिया जाएगा।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर