✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने नया परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। नए कैलेंडर के अनुसार, जनवरी 2025 से मासिक परीक्षाओं का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। इसके स्थान पर आंतरिक मूल्यांकन के तहत साप्ताहिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
शिक्षा विभाग के उप सचिव अमित कुमार पुष्पक ने डीईओ को निर्देश भेजा है कि विद्यालय स्तर पर प्रत्येक सोमवार को (यदि अवकाश हो तो अगले कार्य दिवस को) साप्ताहिक परीक्षाएं आयोजित की जाएं। मूल्यांकन के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों को इसके परिणामों से अवगत कराया जाएगा।
नए कैलेंडर के अनुसार,
कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षाएं राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना द्वारा ली जाएंगी।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षाएं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के द्वारा आयोजित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, कक्षा 9वीं से 12वीं के लिए प्रायोगिक परीक्षा, सेंटअप परीक्षा और बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन यथावत रहेगा। इस बदलाव का उद्देश्य विद्यार्थियों का समग्र मूल्यांकन सुनिश्चित करना और उनकी शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।

