✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत मंगलवार को दारौंदा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में मेगा अपार दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सोमवार और मंगलवार को सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के नामांकित छात्र-छात्राओं के अपार आईडी कार्ड बनाने का कार्य किया गया।
बीपीएम सुवेंदु कुमार ने जानकारी दी कि 9 और 10 दिसंबर को विशेष अभियान चलाकर विद्यालय स्तर पर सभी नामांकित छात्र-छात्राओं के शत-प्रतिशत अपार आईडी कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में बच्चों और उनके अभिभावकों का आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है। साथ ही, जन्मतिथि और नाम में शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मियों ने विद्यार्थियों को अपार आईडी कार्ड बनाने के महत्व के बारे में बताया और इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से सहयोग किया।