✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान : समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय में सोमवार को एसपी अमितेश कुमार ने सिवान पुलिस के फेसबुक आइडी से लाइव होकर सीधे जनता से संवाद किया। इस दौरान फेसबुक लाइव से जुड़े लोगों ने कमेंट बॉक्स में अपनी समस्याएं साझा कीं। एसपी ने क्रमवार इन समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।
संवाद के दौरान एसपी ने बताया कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिले में किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य है। किराएदारों की जानकारी मकान मालिक के साथ-साथ पुलिस के पास होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जानकारी होने से अपराध की रोकथाम, मामलों के खुलासे और अन्य सुविधाओं में आसानी होगी।
एसपी ने बताया कि ज्यादातर लोग किराए के मकान में रहते हैं, जिनकी जानकारी केवल मकान मालिक के पास होती है। इसके लिए एक विशेष फार्म तैयार किया गया है, जिसे जिले के सभी थानों को वितरित किया गया है। इस फार्म को किराएदारों को भरना होगा, जिसमें थाना का नाम, फोटो, नाम, पिता का नाम, स्थायी और किराए के स्थान का पता, फोन नंबर, परिवार के सदस्यों के नाम व नंबर, कार्य, किराए पर आने की तिथि, और वाहन की जानकारी सहित अन्य विवरण शामिल हैं। फार्म तीन प्रतियों में थाने में जमा करना होगा, जिसमें एक प्रति किराएदार को, एक मकान मालिक को और एक पुलिस के पास रखी जाएगी।
फेसबुक लाइव के दौरान 1100 से अधिक लोगों ने इसे देखा और 10 लोगों ने इसे शेयर किया। संवाद में सौ से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। नीरज कुमार ने अपनी कांड संख्या पर ध्यान देने की मांग की, जबकि मोहम्मद हसन ने चोरी की घटनाओं में वृद्धि की शिकायत की। कई अन्य लोगों ने भूमि विवाद और अन्य मुद्दे उठाए। एसपी ने सभी मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

