✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
नगर परिषद की सभापति सेंपी देवी ने प्रधान सचिव नगर विकास पटना, जिलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, और नगर थाना को आवेदन देकर जीवन यादव समेत अन्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, सेंपी देवी के घर पर हमला कर, पिस्टल के बल पर हस्ताक्षरयुक्त लेटर पैड लेकर फरार होने और उनके पति मदन प्रसाद को मारपीट कर घायल करने की घटना हुई।
सभापति ने अपने आवेदन में बताया कि 4 नवंबर को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंधवारा निवासी जीवन कुमार, चंदन कुमार यादव, और कुंदन कुमार यादव ने उनके कार्यालय का ताला जबरन खोलकर 100 पेज का लेटर पैड चुरा लिया, जिनमें कुछ पर उनके हस्ताक्षर भी हैं। आरोप है कि इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही, वे हस्ताक्षरयुक्त स्टांप और कार्यालय का मोहर भी लेकर चले गए।
सेंपी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि सात दिसंबर की रात करीब 9 बजे, तीनों आरोपी उनके घर में घुस आए और पिस्टल दिखाकर उनके और उनके पति के सिर पर सटाकर जबरन लेटर पैड लेकर फरार हो गए। इसके बाद से लगातार उनके मोबाइल पर धमकियां दी जा रही हैं कि उन्हें और उनके पति को जान से मार दिया जाएगा।
नगर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने पुष्टि की कि सेंपी देवी का आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

